राजेंद्रग्राम। पवित्र नगरी अमरकंटक के जूना अखाड़ा से जुड़े संत हत्याकांड में अतिरिक्त सत्र न्यायालय, राजेंद्रग्राम ने आरोपी वीरेंद्र सिंह खटेट को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
दोषी को तत्काल जेल भेज दिया गया
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धनकुमार कड़ोपे ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत दोषी ठहराते हुए उम्रकैद के साथ 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना अदा नहीं करने पर आरोपित को अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। फैसला सुनाए जाने के बाद दोषी को तत्काल जेल भेज दिया गया।
शिवदावा आश्रम जूना अखाड़ा से जुड़ा
मामला अमरकंटक के गढ़ीदादर चचानडीह स्थित शिवदावा आश्रम जूना अखाड़ा से जुड़ा है। यहां संत दादा अलबेले भोलगिरी खड़ेश्वरी महाराज की हत्या कर दी गई थी।
झारखंड के रास्ते नेपाल भागने के प्रयास में था
बताया गया आरोपित 14 अगस्त 2024 को उक्त आश्रम एक महिला के साथ पहुंचा था तब संत ने आश्रम में गलत व्यवहार और शराब का विरोध किया था तभी आरोपी ने गला घोटकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद आरोपी झारखंड के रास्ते नेपाल भागने के प्रयास में था। सूचना पर पुलिस ने जमशेदपुर से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया था।