दिवाली के बाद AQI 3000 का आंकड़ा पार कर चुका है और अब हर किसी को एयर प्यूरीफायर की जरूरत महसूस होने लगी है। हालांकि, आज एक ठीक-ठाक एयर प्यूरीफायर कम से कम 10,000 रुपये में मिलता है। जिस वजह से अक्सर लोग एयर प्यूरीफायर खरीदने का प्लान टाल देते हैं। कैसा हो अगर आप सिर्फ 2,500 रुपये में एयर प्यूरीफायर खुद बना सकें और वह किसी आम एयर प्यूरीफायर की तरह ही कमरे की गंदी हवा को साफ कर सके।

असल में ऐसा संभव है और आप बहुत सस्ते में एक एयर प्यूरीफायर बना सकते हैं। इंस्टाग्राम पर एक क्रिएटर ने बेहद आसान तरीके से जुगाड़ू एयर प्यूरीफायर बनाने का तरीका समझाया है। इसके लिए आपको एक HEPA फिल्टर, डबल-साइड टेप और एक्जॉस्ट फैन की जरूरत पड़ेगी और मिनटों में एयर प्यूरीफायर तैयार हो जाएगा। खास बात है कि वीडियो में जुगाड़ू एयर प्यूरीफायर की टेस्टिंग भी की गई है और यह वाकई काम भी करता है।
कैसे काम करता है एयर प्यूरीफायर


​इससे पहले आप ये समझें कि एयर प्यूरीफायर सस्ते में और आसानी से बनाना कैसे है, ये जानना जरूरी हो जाता है कि एक एयर प्यूरीफायर काम कैसे करता है।

  • असल में एयर प्यूरीफायर के मुख्य रूप से तीन हिस्से होते हैं। पहला बॉडी, दूसरा फिल्टर और तीसरा पंखा।

  • एयर प्यूरीफायर में लगा फैन तेजी से घूमता है और आसपास की हवा को खींचकर फिल्टर में से गुजारता है। इससे हवा में मौजूद प्रदूषण के कण फिल्टर में चिपके रह जाते हैं और कमरे की हवा धीरे-धीरे साफ होने लगती है।

  • ऐसे में देखा जाए, तो अगर आपके पास एक फिल्टर और हवा को खींचने तेज फैन हो, तो घर में खुद का एयर फिल्टर बनाना भी मुश्किल काम नहीं है।


किन चीजों की पड़ेगी जरूरत


खुद एक देसी एयर प्यूरिफायर बनाने के लिए आपको तीन चीजों की जरूरत पड़ेगी। पहले आप एक सिलेंड्रिकल HEPA रिप्लेसमेंट फिल्टर खरीद लें। यह आपको बाजार में 1000 रुपये से 1500 रुपये में मिल जाएगा।

इसके बाद एक राउंड एग्जॉस्ट फैन ले आएं, जो कि आपको 800 से 1000 रुपये में मिल सकता है। आखिर में एक 3M डबल साइड टेप भी खरीद लें, जो कि 50 से 100 रुपये में बाजार में मिल जाती है।​​​


आसानी से असेंबल करें प्यूरीफायर


ऊपर बताया सामान इक्ट्ठा करने के बाद प्यूरीफायर बनाने में सिर्फ 5 मिनट लगेंगे।
इसके लिए आप HEPA फिल्टर को समतल जगह पर खड़ा रखें और एग्जॉस्ट फैन के निचले हिस्से पर चारों तरफ डबल-साइडेड टेप लगा लें।

  1. इससे फैन फिल्टर के ऊपरी हिस्से पर आसानी से चिपक जाएगा। बस इतना करते ही आपका प्यूरीफायर तैयार हो जाएगा।

  2. जैसे ही आप एग्जॉस्ट फैन चलाएंगे वह आसपास की हवा को खींचने लगेगा और हवा फिल्टर में निकलते हुए साफ होने लगेगी।

  3. बस आप ध्यान रखें कि पंखे और फिल्टर के जोड़ पर कोई गैप न रहे ताकि हवा सिर्फ फिल्टर से होकर ही बाहर निकले।इस तरह के एयर प्यूरीफायर को इंस्टाग्राम पर एक क्रिएटर ने टेस्ट किया है और टेस्टिंग में 225 के करीब खराब एयर क्वालिटी वाले बंद कमरे की हवा को यह एयर प्यूरीफायर 95 AQI के सुरक्षित दायरे में ला सका।

  4. यह बात ठीक है कि इस तरह का एयर प्यूरीफायर दिखने में साधारण लगेगा और इसमें किसी तरह की कोई डिस्प्ले नहीं होगी। बावजूद इसके यह काम ठीक से कर सकता है।

  5. आप चाहें, तो अपने AC के साथ हेपा फिल्टर लगाकर उसे भी एक एयर प्यूरीफायर की तरह ही काम में ले सकते हैं।