जबलपुर। साइबर ठगों ने एक वृद्ध को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति के आर्थिक सहायता कोष से एक करोड़ रुपये दिलाने का झांसा देकर सात लाख 52 हजार रुपए ठग लिए। आरोपित ने पहले अलग-अलग खातों में छोटी-छोटी रकम जमा कराई और फिर 60 हजार रुपये और मांगने लगे। संदेह होने पर वृद्ध ने बेटे को जानकारी दी, जिसके बाद ठगी का खुलासा हुआ।

गोरखपुर थाना क्षेत्र के गुप्तेश्वर स्थित गायत्री भवन के पास रहने वाले प्रवेश धीर (69) के मोबाइल पर सोशल मीडिया में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री से संबंधित आर्थिक सहायता और ऋण उपलब्ध कराने का ऑनलाइन लिंक आया था।लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके पास चार अलग-अलग नंबरों से फोन आए। कॉल करने वालों ने स्वयं को मुख्यमंत्री से जुड़ा बताते हुए एक करोड़ रुपये की सहायता दिलाने का भरोसा दिया। रुपये न मिलने पर उसे ठगी होने का अहसास हुआ।

कई खातों में ट्रांसफर कराए रुपये

बुजुर्ग को झांसे में लेकर ठगों ने सात लाख 52 हजार रुपये अलग-अलग बैंक अकाउंट में जमा करवाए। इस दौरान ठगों ने सात बार उन्हें अलग-अलग क्यूआर कोड भेजा था और राशि डालने के लिए कहा। ऐसे में बुजुर्ग ने कुल सात लाख 50 हजार से ज्यादा रुपये इन खातों में ट्रांसफर कर दिए थे।

रुपये लेने के बाद ठग बुजुर्ग के संपर्क में थे और एक दिन उनसे कहा कि वो सोना लेकर आ रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस से छूटने के लिए 60 हजार रुपये भेजने को कहा। इस पर बुजुर्ग को शक हुआ कि उनके साथ ठगी हो गई है। फिर वो थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मोबाइल नंबर के साथ उन बैंक अकाउंट की जांच भी शुरू कर दी है, जिनमें रुपये ट्रांसफर कराए गए थे।