भोपाल। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एक बस में यात्रा कर रही महिला यात्री को भोपाल के आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 2.604 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई है।

डीआरआई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिला यात्री भारी मात्रा में मादक पदार्थ के साथ सफर कर रही है। इस पर मंगलवार को यह कार्रवाई की गई। बस के आईएसबीटी भोपाल पहुंचते ही, डीआरआई के अधिकारियों ने यात्री को रोक लिया।


बैगपैक और पर्स की तलाशी

विस्तृत जांच के दौरान महिला के बैगपैक और पर्स की तलाशी ली गई, जिसमें उसके बैकपैक के अंदर छिपाए गए चांदी के रंग के प्लास्टिक पैकेट से 1885 ग्राम एम्फेटामाइन और पर्स के अंदर रखे एक अन्य चांदी के रंग के प्लास्टिक पैकेट से 719 ग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुआ।


करोड़ों की है ड्रग्स

एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से किए गए परीक्षणों में बरामद पैकेटों में मेथामेथैमाइन की उपस्थिति की पुष्टि हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करोड़ों रुपये में बताई जा रही है।

डीआरआई ने ड्रग्स को जब्त कर लिया है और एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। महिला से पूछताछ जारी है।