भोपाल। साइबर ठगी के पीड़ितों की राशि लौटाने में देरी और बिना उचित आधार बैंक खाते फ्रीज करने वाले बैंकों की जवाबदेही तय होगी। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने बैंकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि साइबर वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करें और पीड़ितों को राशि वापस दिलाने की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न करें।शिकायतों का निर्धारित समय में निराकरण नहीं करने और लापरवाही बरतने वाले बैंक अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य सचिव ने दिए निर्देश
बुधवार को मुख्य सचिव ने मनी रेस्टोरेशन माड्यूल (एमआरएम) और शिकायत निवारण माड्यूल (जीआरएम) पोर्टल की प्रगति और प्रदेशव्यापी क्रियान्वयन की समीक्षा की। दोनों पोर्टल अप्रैल 2026 में शुरू किए गए थे। इसके माध्यम से अब तक साइबर ठगी के पीड़ितों को 7.9 करोड़ रुपये वापस कराए जा चुके हैं।
वहीं, जीआरएम पोर्टल पर अब तक 3200 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 800 का निराकरण किया गया है। इसमें राशि होल्ड किए जाने की शिकायतें आती हैं।
लापरवाह अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
समीक्षा में इंदौर के एक मामले में खाताधारक की राशि गलत तरीके से रोकने और शिकायत का निराकरण नहीं करने की बात सामने आई। मुख्य सचिव ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित बैंक अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक यह सुनिश्चित करें कि खातों पर की जाने वाली कार्रवाई तथ्यों के परीक्षण के बाद और नियमानुसार हो।
जिला पुलिस अधीक्षकों को भी सौंपी जिम्मेदारी
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) अंशुमान यादव ने बैंक प्रतिनिधियों को साइबर ठगी की राशि को तत्काल होल्ड कर पीड़ितों को वापस कराने के साथ ही बैंक खातों पर की गई कार्रवाई के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों का भी समयबद्ध निराकरण करने के लिए कहा।
राज्य सायबर पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को संबंधित बैंक अधिकारियों के साथ नियमित समन्वय बैठक करने के लिए कहा है। बैठकों में एमआरएम और जीआरएम पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की जाएगी।