'बिग बॉस 17' फेम अनुराग डोभाल एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर विवादों में हैं। देहरादून पुलिस ने उन्हें और तीन अन्य को गिरफ्तार किया है। 'राइडर UK07' के नाम से मशहूर बाइकर और यूट्यूबर अनुराग डोभाल पर अपने साले राज सिंह चौहान के साथ मारपीट करने और उनका गला दबाने की कोशिश करने का मामला दर्ज किया गया है। इस बीच, अनुराग की अलग हो चुकी पत्नी रितिका चौहान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई 5 वीडियोज शेयर किए हैं। इसमें उन्होंने अपने पति की करतूत पर खुलकर भड़ास निकाली है। रितिका का आरोप है कि यूट्यूबर ने पहले उन पर, उनके मम्मी-पापा पर भी हमला किया था और आगे भी ऐसा कर सकते हैं।अनुराग डोभाल की पर्सनल लाइफ में मचा यह घमासान नया नहीं है। इसी साल मार्च में उन्होंने दावा किया था कि उनके परिवार ने उन्हें मानसिक रूप से परेशान किया है। उन्होंने तेज रफ्तार कार से सुसाइड की कोशिश भी की थी। ताजा मामले में पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात हरिद्वार बाईपास रोड के पास हुए झगड़े के बाद अनुराग और तीन अन्य लोगों को उनके साले के साथ कथित तौर पर मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया।रितिका का आरोप- अनुराग ने मेरे भाई को कार में जबरन बिठाया, हमला किया
रितिका चौहान ने इंस्टाग्राम पर बैक टू बैक शेयर किए गए वीडियोज में आरोप लगाया कि अनुराग उनके भाई के काम की जगह पर तब गए, जब वह एक शूट से लौट रहे थे। उन्होंने दावा किया कि अनुराग ने 25-30 लोगों के साथ मिलकर उनके भाई को उठाया, जबरदस्ती कार में बिठाया और उन पर हमला किया। एक वीडियो में उनके भाई ने दावा किया है कि अनुराग और उनके दोस्तों ने उनकी गर्दन पकड़ ली थी।'अनुराग ने मुझ पर, मेरी मम्मी पर भी हमला किया, फिर करेगा'
रितिका ने अनुराग डोभाल के सपोर्टर्स पर भी निशाना साधा है। आरोप लगाया कि उन्होंने पहले भी उनके और उनके परिवार के साथ बुरा बर्ताव किया था। वह कहती हैं, 'इस इंसान ने पहले यह चीज मेरे साथ की, फिर अपने माता-पिता के साथ की, मेरे पालतू जानवर रियो को मारने की कोशिश की, मेरी मां पर हाथ उठाया, इसने अभिषेक सैनी के साथ मेरा फेक नैरेटिव दिखाया कि मेरा उनके साथ अफेयर है। फिर इसने मेरे बच्चे के साथ चीजें खराब कीं। वह मुझ पर फिर से हमला करेगा... मेरी मम्मी, मेरे भाई पर फिर से हमला करने की कोशिश करेगा। वह मेरे बच्चे को मुझसे छीनने की कोशिश करेगा, ताकि मेरी आवाज दबाई जा सके।'रितिका ने अनुराग के दावों पर उठाए सवाल
ताजा ममाले में अनुराग डोभाल ने यह दावा किया है कि पहले उन पर हमला किया गया था। लेकिन रितिका ने इस पर सवाल उठाए हैं। कहा है कि वह झूठ बोल रहे हैं। साथ ही पूछा है कि यदि ऐसा है तो अनुराग के शरीर पर कोई चोट का निशान क्यों नहीं दिखा।राज सिंह चौहान का आरोप- गर्दन पकड़ी, रॉड से छाती, सिर पर हमला किया
पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में रितिका के कजिन राज सिंह चौहान ने आरोप लगाया कि अनुराग डोभाल ने उनकी गर्दन पकड़ी। फोन अनलॉक करने को कहकर उसे छीनने की कोशिश की। जब अनुराग फोन नहीं खोल पाए, तो राज का दावा है कि अनुराग के बाउंसरों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उन्हें जबरदस्ती कार की सीट के नीचे धकेल दिया गया और उनके सिर, छाती और चेहरे पर लोहे की रॉड से हमला किया गया। राज ने इससे पहले मीडिया को काटने के निशान भी दिखाए, जिनके बारे में उनका दावा था कि वे हमले के दौरान बने थे।पुलिस ने कहा- जब अधिकारी पहुंचे, तो अनुराग और बाकी तीन राज को पीट रहे थे
दूसरी ओर, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन को रात करीब 10 बजे सूचना मिली थी। कंट्रोल रूम से हरिद्वार बाईपास रोड पर नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवकों के बीच लड़ाई-झगड़े की खबर मिली। सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) प्रमेंद्र डोभाल ने कहा, 'हमारे अधिकारी मौके पर पहुंचे और देखा कि अनुराग डोभाल और उनके साथी राज सिंह चौहान नाम के एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर रहे थे, जो उनकी पत्नी का चचेरा भाई है। स्थिति को बिगड़ने से बचाने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को बाईपास पुलिस चौकी ले गई।'SSP ने बताया- चौकी पर भी हुई मारपीट की कोशिश, पुलिस बल बुलाया गया
SSP डोभाल ने आगे बताया, 'चौकी पर बातचीत के दौरान, पुलिसकर्मियों के शांति बनाए रखने के कहने के बावजूद अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान ने फिर से चौहान के साथ मारपीट करने की कोशिश की। ये चारों उग्र हो गए और दोबारा झगड़ा करने की कोशिश की, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। चौकी पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चारों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।'SSP बोले- हम मामले की जांच कर रहे
रितिका चौहान के भाई राज सिंह चौहान, जो मारपीट में घायल हो गए थे, उन्हें मेडिकल जांच के लिए दून अस्पताल भेजा गया। SSP ने कहा, 'घायल चौहान की शिकायत के आधार पर नेहरू कॉलोनी पुलिस स्टेशन में अनराग डोभाल और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है।'