नई दिल्ली: दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले में टीम से बाहर किए जाने के बाद करुण नायर ने शानदार शतक लगाया और टीम मैनेजमेंट को करारा जवाब दिया। वह साउथ जोन टीम का हिस्सा थे, लेकिन उन्हें सेमीफाइनल मैच में प्लेइंग 11 से बाहर कर दिया गया। फाइनल मैच में भी टीम से बाहर रहने पर करुण नायर अपने होम ग्राउंड वापस लौट गए और छत्तीसगढ़ के खिलाफ मुकाबले में कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के लिए बेहतरीन शतकीय पारी खेली। इसके बाद उन्होंने एक एक्स पोस्ट कर कमेंट करते हुए इशारों में टीम मैनेजमेंट को निशाना बनाया।कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के प्री सेशन रेड बॉल कैंप में करुण नायर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए साबिक किया कि वह अच्छी लय में हैं और उन्हें टीम से बाहर करने का फैसला गलत था। एक एक्स पोस्ट में भी लिखा गया कि करुण को बिना किसी वजह के टीम से बाहर किया गया और अगले मैच में उन्होंने शतक लगाया। इस पर करुण ने कहा कि इसके लिए बेवजह शब्द कम होगा।क्या था नायर का कमेंट?
एक्स पर एक यूजर ने लिखा, 'साउथ जोन द्वारा लगातार दूसरे दिलीप ट्रॉफी मैच में बिना किसी वजह के बाहर रखे जाने के एक दिन बाद करुण नायर ने कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के प्री-सीजन रेड-बॉल कॉम्पिटिशन में छत्तीसगढ़ के खिलाफ कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन सेक्रेटरी XI के लिए शानदार सेंचुरी बनाई। साउथ जोन को 708 के बड़े टारगेट का पीछा करते हुए उनकी मौजूदगी की जरूरत थी।' इसके जवाब में करुण नायर ने लिखा, 'यह कहना कम होगा कि यह समझ से बाहर है।' इसके साथ ही उन्होंने हंसने वाला इमोजी लगाया।
टीम कॉम्बिनेशन के कारण बाहर हुए नायर
साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने सेमीफाइनल मैच के दौरान बताया था कि टीम कॉम्बिनेश के लिहाज से करुण को बाहर रखने का फैसला किया गया। सेमीफाइनल में साउथ जोन का मुकाबला नॉर्थ जोन से था। कप्तान तिलक का कहना था कि विपक्षी टीम में बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजों की संख्या ज्यादा है। इन स्पिन गेंदबाजों को बेहतर तरीके से खेलने के लिए बाएं हाथ के बल्लेबाज कोडिमेला हिमतेजा को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, तेजा पहली पारी में खाता खोले बिना आउट हो गए और दूसरी पारी में उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला। ऐसे में फाइनल मैच में उन्हें भी टीम से बाहर कर दिया गया, लेकिन इस बार भी करुण को मौका नहीं मिला। कोडिमेला की जगह देवदत्त पडिक्कल फाइनल मैच खेल रहे हैं।
कप्तान तिलक का बयान
सेमीफाइनल मैच में करुण नायर को टीम से बाहर किए जाने पर साउथ जोन के कप्तान तिलक वर्मा ने कहा था कि करुण थोड़े अनलकी हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में बहुत रन बनाए हैं, लेकिन उन्हें टीम से बाहर रखना पड़ रहा है। हालांकि, दलीप ट्रॉफी के फाइनल मैच में साउथ जोन की टीम मुश्किल में नजर आ रही है। ईस्ट जोन ने पहली पारी में 708 रन का विशालकाय स्कोर खड़ा किया है। इसके जवाब में साउथ जोन का स्कोर दो विकेट पर 100 रन के पार जा चुका है।