भोपाल। राजगढ़ के कुरावर थाना क्षेत्र से नाबालिग हिंदू युवती के अपहरण के मामले में कार्रवाई में देरी को लेकर शुक्रवार को जहांगीराबाद थाने के प्रभारी कक्ष में जमकर हंगामा हुआ।
हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी और थाना प्रभारी राजन सिंह अहिरवार आमने-सामने आ गए।
नेता ने लगाया आरोप
दोनों के बीच एसीपी हबीबगंज उमेश तिवारी के सामने ही तीखी बहस इतनी बढ़ गई कि प्रभारी कक्ष में कुछ देर तक माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण रहा।
तिवारी ने पुलिस पर कार्रवाई में जानबूझकर देरी का आरोप लगाते हुए टीआई से कहा- “तुम आरिफ मसूद के इशारे पर काम करते हो।”
टीआई ने मांगे सबूत
इस पर थाना प्रभारी राजन सिंह ने भी जवाब दिया- “फालतू आरोप मत लगाओ, सबूत दिखाओ, फोन करके पूछ लो” दोनों के बीच काफी देर तक ऊंची आवाज में बहस और आरोप-प्रत्यारोप चलते रहे।
शनिवार से इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
कार्रवाई के बाद शांत हुआ मामला
हंगामे के बीच संगठन के लोगों ने तत्काल केस दर्ज करने की मांग की। पुलिस ने बाद में जीरो पर प्रकरण दर्ज कर संबंधित थाना क्षेत्र को भेजने की कार्रवाई की। मामले में आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
बताया जा रहा है कि युवती के अपहरण की शिकायत को लेकर कार्रवाई में देरी से नाराज संगठन के लोग थाने पहुंचे थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि कार्रवाई नियमानुसार की गई है।