कटनी में वोट चोरी के मुद्दे और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के अलग-अलग हिस्सों से बाइक रैली निकाली। रैली मुख्य मार्गों से होते हुए पुरानी कछहरी चौराहे पहुंची, जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की कथित धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


जिला कांग्रेस कमेटी कटनी (शहर) के अध्यक्ष एडवोकेट अमित शुक्ला ने कहा कि वोट चोरी केवल किसी एक राजनीतिक दल के साथ अन्याय नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र और करोड़ों मतदाताओं के अधिकारों पर हमला है। लोकतंत्र जनता के वास्तविक वोटों से बनता है, न कि कथित धांधली या प्रशासनिक लापरवाही से।

उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है कि वह मतदाताओं के विश्वास की रक्षा करे और उठ रहे सवालों का निष्पक्ष व पारदर्शी जवाब दे। जब तक चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठ रहे सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं होता, तब तक कांग्रेस का विरोध जारी रहेगा। पार्टी सड़क से लेकर सदन तक अपनी आवाज उठाएगी।


बिना हेलमेट बाइक रैली निकालने पर उठे सवाल

एक ओर कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का संदेश लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर बाइक रैली में यातायात नियमों की अनदेखी भी सामने आई। रैली में शामिल कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिना हेलमेट बाइक चलाते नजर आए। शहर के व्यस्त मार्गों से निकली रैली में इस तरह नियमों की अनदेखी चर्चा का विषय रही।

प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मोहम्मद इसराइल सहित ब्लॉक अध्यक्ष, प्रमुख कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।