कम ही लोग जानते हैं कि जिस तरह से घर में खिड़की पर विंडो AC लगाया जाता है, ठीक वैसे ही गाड़ी की खिड़की पर भी विंडो AC लगाया जा सकता है। ये AC पोर्टेबल होते हैं और गाड़ी के दरवाजे पर मौजूद शीशे पर फिट हो जाते हैं। ऐसा नहीं है कि ये मिनी कार एसी सिर्फ दिखने में AC जैसे होते हैं।

ये किसी असली एयर कंडीशनर की तरह ही कंप्रेसर और गैस के सहारे गाड़ी को ठंडा करते हैं। हालांकि सवाल उठता है कि जब गाड़ी में पहले से AC मौजूद होता है, तो खिड़की पर अलग से मिनी पोर्टेबल AC को टांगने का क्या मतलब बनता है?
कैसे काम करता है गाड़ी का विंडो AC?


​गाड़ी का ये मिनी AC ठीक उसी तरह से काम करता है, जैसे कि आपके घर में लगा विंडो AC चलता है। इसमें भी कंप्रेसर, गैस आदि की इस्तेमाल होता है।

  • गाड़ी में कैंपिंग करने वाले या वे लोग जिन्हें काफी समय गाड़ी में बिताना पड़ता है, वे इस AC का इस्तेमाल करते हैं। इन लोगों के लिए ईंधन खर्च करके गाड़ी का AC चलाना महंगा सौदा साबित होता है।

  • ये AC कार के शीशे पर फिट होता है। ऐसे में एयर कंडीशनर का ठंडी हवा देने वाला हिस्सा गाड़ी के अंदर रहता है और अंदर से गर्म हवा बाहर फेंकने वाला हिस्सा गाड़ी के बाहर।

  • इसके साथ शीशे में बची हुई जगह पर लगाने के लिए अलग से फोल्डेबल पैनल मिलता है, जो खिड़की को पूरी तरह सील कर देता है। इससे गाड़ी के अंदर की ठंडक लीक नहीं होती।


इस तरह के AC लगभग 24 वोल्ट डीसी पावर पर काम करते हैं। वहीं कुछ मॉडल्स 12V या 220V एसी कनवर्टर के साथ भी आते हैं। खपत की बात करें, तो गाड़ी वाले विंडो AC 250 वॉट से 450 वॉट तक बिजली खींचते हैं।


इसके लिए गाड़ी में अलग से हेवी-ड्यूटी 24V बैटरी, बड़ा लिथियम-आयन पावर स्टेशन लगवाना पड़ता है। हालांकि यह सिस्टम ईंधन पर गाड़ी का AC चलाने की तुलना में सस्ता पड़ता है।


साफ तौर पर इस तरह के AC खास जरूरत होने पर ही गाड़ी में लगवाए जाते हैं। अगर आप गाड़ी का इस्तेमाल कैंपिंग, लंबी यात्राओं या गाड़ी में ही रात बिताने के लिए करते हैं, तो इस तरह के AC आपके काम आ सकते हैं।

इन्हें इस्तेमाल करते हुए अलग से गाड़ी का इंजन चालू रखने की जरूरत नहीं रहती और कूलिंग के मामले में यह 2,000 से 2,500 BTU तक की क्षमता पर काम कर सकता है, जो कि गाड़ी के बंद कैबिन को उतना ही ठंडा कर सकता है जितना गाड़ी का खुद का AC उसे ठंडा करता है।


अगर आप भी ईंधन खर्चे बिना गाड़ी को लंबे समय के लिए ठंडा रखना चाहते हैं, तो अपने आप में ये मिनी AC काफी कामियाब साबित होते हैं।


इस तरह के AC भारत में इंपोर्ट करके इस्तेमाल किए जा सकते हैं। अगर आप ऐसा करते हैं, तो आपको 30-45 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ सकते हैं।

  • इस AC का वजन 10 से 15 KG रहता है और इसे बार-बार लगाना-हटाना मशक्कत भरा काम हो सकता है।

  • इसके अलावा गाड़ी चलाते समय इसे खिड़की पर लगाकर नहीं रखा जा सकता क्योंकि झटका आने पर शीशा या डिवाइस टूट भी सकता है।

  • ऐसे में भले यह एक कामयाब डिवाइस है लेकिन इसे तय शर्तों और सही पावर बैकअप होने पर ही इस्तेमाल करने से फायदा हो सकता है।