सीएम योगी ने माफिया अतीक अहमद के इलाके कसारी-मसारी का नाम बदलकर श्रीकृष्ण पुरी करने का ऐलान किया। योगी ने गुरुवार को प्रयागराज में कहा कि कसारी-मसारी नाम कसाइयों वाला लगता था। इसके साथ ही सीएम योगी ने अतीक और उसके गुर्गों के कब्जे से मुक्त कराई गई सरकारी जमीन पर बनने वाले फ्लैटों का भूमिपूजन किया।
योगी ने कहा-

अब सरकार माफिया की जमीन पर गरीबों के आशियाने बना रही है। कभी माफिया अतीक-अशरफ जिस जमीन पर पैर रखते थे, वह उनकी हो जाती थी। प्रदेश सरकार उनके सामने घुटने टेक देती थी।

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) की 9,811 वर्गमीटर की इस आवासीय परियोजना में 14 मंजिला बिल्डिंगें बनाई जाएंगी। इनमें कुल 602 फ्लैट होंगे। हर फ्लैट में 2 बेडरूम, हॉल और किचन होगा।
एक फ्लैट का एरिया 56.45 वर्गमीटर रहेगा। इसके साथ पार्किंग, रेनवॉटर हार्वेस्टिंग और सोलर सिस्टम की व्यवस्था भी है। इसके अलावा स्विमिंग पूल, कम्युनिटी हॉल और कामर्शियल कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं भी रहेंगी।
मुस्लिमों की गद्दी बिरादरी का गढ़ है कसारी-मसारी
कसारी-मसारी प्रयागराज के पुराने मोहल्लों में से एक है। माफिया अतीक अहमद का गढ़ यही मोहल्ला था। उसका घर भी पहले इसी मोहल्ले में था, जो बाद में चकिया मोहल्ले के नाम से जाना जाने लगा। कसारी-मसारी मोहल्ले के ही कब्रिस्तान में अतीक और अशरफ के साथ उसके पिता को भी दफनाया गया था। कसारी-मसारी में अतीक की कई पुश्तैनी जमीनें थीं। इसके साथ ही उसके तमाम रिश्तेदार भी इसी मोहल्ले में रहते थे। यह गांव मुस्लिमों की गद्दी बिरादरी का गढ़ माना जाता है। अपनी पुश्तैनी जमीनों पर गद्दी बिरादरी के लोगों ने प्लॉटिंग की, जिन्हें बहुत से हिंदुओं खरीदा और मकान बनवाकर रहने लगे।
जानिए, कसारी-मसारी नाम क्यों पड़ा?
इलाके के बुजुर्गों का कहना है कि कसारी और मसारी 2 सगे भाई थे, जो बड़े सूफी संत (फकीर) थे। दोनों मूल रूप से यूपी के फैजाबाद (अयोध्या) के रहने वाले थे। लेकिन बाद में प्रयागराज में आकर रहने लगे थे। लोगों की सेवा करने की वजह से जल्द ही दोनों भाई आम लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए।
दोनों सूफी संतों के निधन के बाद उन्हें इसी इलाके में दफनाया गया। साथ ही उनकी याद में इस क्षेत्र का नाम ही 'कसारी-मसारी' पड़ गया। आज भी यहां स्थित ऐतिहासिक कब्रिस्तान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान के नाम से जाना जाता है।
महिला रीना मिश्रा ने बताया- बहुत सुंदर लग रहा है। हमारे मुख्यमंत्री हमारे भगवान हैं। हम 20 साल से किराए पर रहते हैं। हमारे पास घर नहीं है। अगर वो यहां बनवा देंगे, तो हम लोग उनको दिल से बहुत आशीर्वाद देंगे। यहां जितने माफिया रहते थे, उनकी सफाई हो चुकी है। अभी जो अंदर (जेल में) हैं या जो भागे हैं, वो भी पकड़े जाएंगे। कृष्णपुरी… बहुत सुंदर, बहुत सुंदर। आज बहुत खुशी हुई।
जहां अतीक घोड़े रखता था, वहां गरीबों के घर बनेंगे
करीब 9,811 वर्ग मीटर क्षेत्रफल वाली इस जमीन पर अब पीडीए पद्मलोक आवास योजना विकसित करेगा। यहां 14 मंजिला अपार्टमेंट बनाया जाएगा, जिसमें दो बेडरूम, हॉल और किचन (2 बीएचके) वाले कुल 602 फ्लैट प्रस्तावित हैं। कभी जिस जमीन का इस्तेमाल अतीक अपने घोड़ों को रखने और बेटों को घुड़सवारी सिखाने के लिए करता था, वहां अब लोगों के लिए घर तैयार किए जाएंगे।
बिजली पासी के नाम पर आईटीआई बनाएंगे- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- प्रयागराज में बिजली पासी के नाम पर आईटीआई बनाएंगे। राजेंद्र प्रसाद लॉ यूनिवर्सिटी बनकर तैयार है। प्रयागराज बदल चुका है। प्रयागराज नए कलेवर के साथ आगे बढ़ रहा है। बड़े हनुमान जी की कृपा प्रयागराज पर हमेशा बनी रही। उसी प्रयागराज में आज हमें आवास बांटने का मौका मिला। पीडीए को धन्यवाद, सिद्धार्थ नाथ ने रुचि लेकर गरीबों के आशियाने के लिए चुना। सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई कि नई पहचान दी। जनता से अपील करने आया हूं। इन पर विश्वास बनाए रखें।
सीएम योगी ने कहा- कसारी मसारी अब नाम यह नहीं होगा। अब इसका नाम श्रीकृष्ण पुरी के नाम पर होगा। उसी नाम से विकसित होगा। कसारी मसारी नाम कसाइयों वाला लगता है।
अब कोई प्रापर्टी पर कब्जा नहीं कर सकता- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- आज गुंडा माफिया ताक झांक नहीं कर सकता। प्रापर्टी पर कब्जा नहीं कर सकता। बाप दादा की प्रापर्टी भी जब्त कर लेंगे। सुरक्षा का माहौल इसलिए देना है कि युवाओं को रोजगार मिल सकें। गरीब को आवास मिल सके। सुशासन का लाभ लेकर जीवन अच्छा जी सके। प्रयागराज में शहर उत्तरी में गंगा नदी से बड़े पुल का निर्माण आगे बढ़ाया।
सीएम योगी ने कहा- पहले यूपी वाला कहकर लोग सौ कदम दूर भागते थे। आज यूपी का नाम सुनकर सौ कदम दूर हैं, तो गले मिलने का प्रयास करते हैं। कहते हैं अरे प्रयागराज की धरती से हैं। हमारी सरकार ने माफिया को मिट्टी में मिलाने का काम किया।
माफियागिरी करने वाले को मिट्टी में मिला दिया जाएगा- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- प्रयागराज में अब कोई माफिया अपराध करने का साहस करेगा तो मिट्टी में मिला दिया जाएगा। प्रयागराज में कोई माफियागिरी करने का साहस नहीं करेगा। अगर करेगा तो मिट्टी में मिलने की तैयारी कर लेगा।
सीएम योगी ने कहा- पहले यह जगह माफिया अतीक की अय्याशी का अड्डा थी। 15 बीघा की लैंब पर माफिया अतीक और उसके गुंडों ने कब्जा कर अय्याशी का अड्डा बनाया था। उससे मुक्त कराया गया।
आज हम माफिया से मुक्त भूमि पर आवास बांट रहे- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- भाजपा सरकार बनी तो हमने तय किया उत्तर प्रदेश को सुरक्षित बनाना है। सुशासन लाना है। विधि का शासन हो, हर आदमी न्याय मांगने को प्रयागराज आता है। कानून का राज स्थापित करने में अभियान चलाया। हमने माफिया मुक्त यूपी किया। इसी प्रयागराज की धरती पर विधायक राजू पाल की हत्या होती है। सरेआम गोली मार दी जाती है। माफिया को किए की सजा मिलनी चाहिए। यही परिणाम सामने है। माफिया से मुक्त भूमि पर आवास बांट रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा- माफिया मुक्ति के अभियान के तहत आज कसारी मसारी में गरीबों के आवास बनेंगे। याद करें कि प्रयागराज पावन तीर्थ कभी माफिया अतीक और माफिया अशरफ जिस जमीन पर पैर रखते थे तो उनकी हो जाती थी। प्रदेश सरकार उनके सामने घुटने टेक देती थी। याद करो बेटी की सुरक्षा पर कैसे खतरा होता था। माफिया असलहा लहरा कर प्रयाग की सड़कों पर गलियों में भय का पर्याय बने थे।
प्रयागराज की धरती सामाजिक समता की भूमि- सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा- प्रयागराज की धरती सामाजिक समता की भूमि है। भगवान अक्षयवट की पावन धरा है। महार्षि भरतद्वाज की साधना की धरा है। देश के पीएम मोदी के मार्गदर्शन में प्रेरणा से देश की धरोहरों को उचित सम्मान देते हुए संगम नगरी को आगे बढ़ाने और कुंभ को दिव्य बनाने का सौभाग्य मिला।
सियावर रामचंद्र भगवान की जय से सीएम ने भाषण की शुरुआत की। प्रयागराज भगवान की जय जयकार कराई। हर हर महादेव के नारे लगाए। आवास योजना भूमिपूजन और चाबी वितरण कार्यक्रम में प्रयागराज में उपस्थित प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री नंदी, विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, सांसद प्रवीण पटेल, मेयर गणेश केसरवानी, विधायक हर्ष वर्धन बाजपेई, पीयूष रंजन, दीपक पटेल, गुरुप्रसाद मौर्या, सुरेंद्र चौधरी, पूजा पाल का नाम लिया।
मंत्री नंदी ने भारत माता की जय के नारे लगए। सीएम का स्वागत किया। कहा- योगी आदर्श कानून व्यवस्था के संस्थापक है। प्रदेश की तकदीर और तस्वीर बदल गई। उत्तर प्रदेश ने साबित किया कि नीयत ईमानदार हो तो प्रत्येक व्यक्ति को न्याय मिलता है। नंदी ने गीत गया चलेला जब चांप के बाबा का बुल्डोजर ।
विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कसारी मसारी का नाम बदलने की सीएम से मांग की। कहा- कसारी मसारी नाम ही कसाइयों का लगता है। इसका नाम बदल दें।
विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने जय श्रीराम के नारों से सीएम का स्वागत किया। सिद्धार्थ नाथ ने सीएम को बताया कि अभी जिस रास्ते से आप गुजरे वहां जो घर छूटा था वो माफिया का था। उससे आगे उसके भाई, रिश्तेदारों का घर टूटा है। जिस जमीन पर हम आज हैं तो वहां माफिया घोड़े पाले था। पहले एक मुख्यमंत्री आता था, कुत्ते से हाथ मिलाकर जाता था। वहीं एक मुख्यमंत्री आ रहा है, माफिया के गढ़ में गरीबों के आशियाना बसाया जा रहा है।