अमेरिका ने भारत समेत अपने कुछ सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों पर कई तरह के नए टैरिफ़ लगाने का एलान किया है.
ये टैरिफ़ मैन्युफ़ैक्चरिंग के अलग-अलग क्षेत्रों में ज़रूरत से ज़्यादा उत्पादन और उत्पादन क्षमता की जांच के लिए की गई सेक्शन 301 की जांच के बाद लगाए जा रहे हैं.
इस जांच के दायरे में आने वाली देश हैं: भारत, चीन, यूरोपीय संघ, सिंगापुर, स्विट्ज़रलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, कंबोडिया, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, ताइवान, बांग्लादेश और जापान.
अलग-अलग देशों और उत्पादों पर अलग-अलग दरों से टैरिफ़ लगाया जाएगा.
चीन पर सबसे ज़्यादा, 40 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया गया है. इसके बाद वियतनाम पर 35 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगेगा. वहीं, दूसरे देशों पर 20 या 25 फ़ीसदी तक टैरिफ़ लगाया जाएगा.
हालांकि, इनमें से कुछ टैरिफ़ की दरें असल में कम हो जाएंगी, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पहले ही कुछ देशों के साथ टैरिफ़ की अधिकतम सीमा तय करने पर सहमत हो चुके हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल में बार-बार टैरिफ़ लगाने की धमकी दी है या उन्हें लागू किया है. उनका तर्क है कि इस नीति से अमेरिका में मैन्युफ़ैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और रोज़गार के नए अवसर पैदा होंगे.
हालांकि, अर्थशास्त्रियों ने चेतावनी दी है कि आयात पर टैक्स लगाने से महंगाई बढ़ सकती है और उपभोक्ताओं के लिए चीज़ें महंगी हो सकती हैं. इससे वैश्विक व्यापार पर भी असर पड़ सकता है.
यह ताज़ा क़दम ऐसे समय उठाया गया है, जब इस साल की शुरुआत में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने फ़ैसला दिया था कि आपातकालीन शक्तियों का इस्तेमाल करके ट्रंप की ओर से लगाए गए कई टैरिफ़ ग़ैरक़ानूनी थे.
इसके बाद इस साल गर्मी में अमेरिका की उन कंपनियों को अरबों डॉलर का टैरिफ़ रिफंड देना पड़ा, जिन्होंने सामान आयात करने के लिए ये शुल्क चुकाए थे.
हालांकि, इससे ट्रंप प्रशासन की टैरिफ़ लगाने की कोशिशों पर कोई रोक नहीं लगी. व्हाइट हाउस इन टैक्स को लागू करने के लिए क़ानून के दूसरे रास्ते तलाश रहा है. आज का फ़ैसला भी इसी कोशिश का एक और उदाहरण है.
बिज़नेस रिपोर्टर
पिछले साल अप्रैल में डोनाल्ड ट्रंप ने दुनिया के कई व्यापारिक साझेदारों पर बड़े पैमाने पर टैरिफ़ लगाने का एलान किया था. इसके लिए उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति को मिले आपातकालीन अधिकारों का इस्तेमाल किया था.
इनमें से कई टैरिफ़ को बाद में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था.
इसलिए बुधवार को जिन आयात शुल्कों का एलान किया गया है, वे ट्रंप के टैरिफ़ को दोबारा लागू करने की नई कोशिश हैं.
हालांकि, इस बार ट्रंप प्रशासन ने अलग तरीक़ा अपनाया है. ISEAS-युसोफ़ इशाक इंस्टीट्यूट के व्यापार विशेषज्ञ जयंत मेनन का कहना है कि इस वजह से इन टैरिफ़ को किसी क़ानूनी चुनौती के ज़रिए रद्द कराना मुश्किल हो सकता है.
मेनन के मुताबिक़, पिछले साल ट्रंप ने जिन टैरिफ़ का एलान किया था, उनकी तुलना में नए शुल्क कम क्षेत्रों पर लागू होंगे. इनकी दरें भी ज़्यादातर मामलों में काफ़ी कम और एक जैसी हैं.
ये टैरिफ़ व्हाइट हाउस की ओर से कराई गई कई महीनों की जांच पर भी आधारित हैं. इस जांच में इन क्षेत्रों की श्रम और व्यापार नीतियों और अमेरिका पर उनके संभावित असर का अध्ययन किया गया.