कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नाम और उनकी तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पोस्ट ब्लॉक किए जाने का मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मनु जैन ने Meta Platforms के खिलाफ याचिका दायर की है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि Meta राहुल गांधी के नाम और तस्वीरों को की-वर्ड के तौर पर इस्तेमाल कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पोस्ट को अपने आप ब्लॉक कर रहा है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिले कई नोटिस

मनु जैन यूथ कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख हैं। संगठन का आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट भी संभालते हैं। उन्होंने अपनी याचिका में 29 सितंबर से 23 नवंबर के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिले कई नोटिस का जिक्र किया है। इन नोटिस में बताया गया कि उनकी पोस्ट भारत में नहीं देखी जा सकती।

इन पोस्ट को ब्लॉक करने का आरोप

याचिका के मुताबिक, जिन पोस्ट को ब्लॉक किया गया, उनमें राहुल गांधी को शादी का न्योता देने वाली पोस्ट, कार्यकर्ताओं के जन्मदिन की शुभकामनाएं, पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि, राहुल गांधी के साथ कार्यकर्ताओं की तस्वीरें और शिकागो यूनिवर्सिटी में उनके भाषण से जुड़ी पोस्ट शामिल हैं। याचिका में दावा किया गया है कि इन सभी पोस्ट में एक बात समान थी। इनमें राहुल गांधी का नाम या उनकी तस्वीर मौजूद थी।

पोस्ट ब्लॉक करने की मेटा की ओर से नहीं बताई गई वजह

मनु जैन का कहना है कि Meta ने पोस्ट ब्लॉक करने के पीछे कोई आदेश, नोटिस या वजह नहीं बताई। कुछ पोस्ट को प्रकाशित होने के कई महीने बाद ब्लॉक किया गया, जबकि शिकागो यूनिवर्सिटी में राहुल गांधी के भाषण से जुड़ी पोस्ट को ब्लॉक करने के बाद उसी दिन फिर से चालू कर दिया गया।

आखिर किन की-वर्ड के आधार पर पोस्ट को रोका गया?

याचिकाकर्ता का कहना है कि यह नियम केंद्र सरकार को कानून के तहत मिली शक्तियों से आगे जाता है। साथ ही यह लोगों के बोलने और अपनी बात रखने के अधिकार पर रोक लगाता है। यूथ कांग्रेस ने दिल्ली हाईकोर्ट से मांग की है कि केंद्र सरकार और Meta यह बताएं कि राहुल गांधी से जुड़ी पोस्ट को ब्लॉक करने के लिए कौन से आदेश जारी किए गए थे और किन की-वर्ड के आधार पर पोस्ट को रोका गया।