वाशु भारद्वाज, भिलाई। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों के हित में लिए गए फैसले से प्रदेश के लाखों किसानों में उत्साह का माहौल है। राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता देने का निर्णय लिया है। यह योजना खरीफ 2026 से लागू होगी और सहायता राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के माध्यम से भेजी जाएगी। इस निर्णय पर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश संयोजक अतुल पर्वत ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आलोक ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त किया है। अतुल पर्वत ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का यह निर्णय किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कृषक उन्नति योजना से किसानों को खेती की लागत कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही वे आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, कृषि उपकरणों में निवेश करने और फसल विविधीकरण की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना से किसानों के सामाजिक एवं आर्थिक स्तर में सुधार आने की उम्मीद है। सरकार द्वारा सीधे बैंक खातों में सहायता राशि पहुंचाने से किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा और कृषि कार्यों में निवेश के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे। अतुल पर्वत ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कृषक उन्नति योजना का लाभ प्रदेश के लाखों किसानों को मिलेगा और इससे छत्तीसगढ़ की कृषि व्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।