इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के कांग्रेस के मंच से 'वोट चोर गद्दी छोड़' का नारा लगाने पर विवाद छिड़ गया है. इटली की पीएम मेलोनी की सहयोगी फोर्जा इटालिया की नेता डेबोरा बर्गमिनी ने इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि भारत को लोकतंत्र पर उपदेश देना गलत है.
इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के 'वोट चोर गद्दी छोड़' वाले बयान पर विवाद जारी है. इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सहयोगी पार्टी 'फोर्जा इटालिया' ने भी फिलिबेक की इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है. फोर्जा इटालिया की नेता डेबोरा बर्गमिनी ने कहा है कि यूरोपियनों के लिए भारत को लोकतंत्र पर उपदेश देना गलत है.
डेबोरा बर्गमिनी ने इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के मोदी सरकार को निशाना बनामे वाली टिप्पणी पर आपत्ति दर्ज की है. उन्होंने भारत की विशाल चुनावी प्रक्रिया का हवाला देते हुए कहा कि जो देश अपने 97 करोड़ नागरिकों को मतदान करने में सक्षम बनाता है, उसे लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना ठीक नहीं है
भारत की संवैधानिक व्यवस्था का समर्थन करते हुए डेबोरा बर्गमिनी ने कहा, 'भारत की अपनी लोकतांत्रिक संस्थाएं और न्यायपालिका है.'
हैदराबाद में कांग्रेस के मंच से शुरू हुआ था विवाद
दरअसल ये पूरा विवाद हाल ही में हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस के 'भारत समिट 2026' के दौरान शुरू हुआ. इस कार्यक्रम में 'पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स' के महासचिव और इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ने हिस्सा लिया था. फिलिबेक ने इस दौरान राहुल गांधी के समर्थन में 'वोट चोर, गद्दी छोड़' का नारा लगाया था. उन्होंने इसका अंग्रेजी अनुवाद करते हुए 'Vote Thief, Leave Your Seat' भी कहा. उस समय मंच पर मौजूद राहुल गांधी इस नारे पर हंसते और तालियां बजाते नजर आए थे
फिलिबेक ने राहुल गांधी का किया था समर्थन
फिलिबेक ने अपने संबोधन में कहा था कि राहुल गांधी ने 'एक व्यक्ति, एक वोट' के लोकतांत्रिक सिद्धांत की रक्षा की है. उन्होंने आरोप लगाया कि भारत में लोकतंत्र खतरे में है और इसकी रक्षा के लिए सभी को राहुल गांधी और कांग्रेस के साथ खड़ा होना चाहिए.
बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलने के लिए लगातार 'वोट चोर, गद्दी छोड़' के नारे का इस्तेमाल करते रहे हैं. लेकिन अब विदेशी धरती से आए एक नेता का भारतीय मंच पर इस नारे के दोहराने के बाद इसे लेकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बहस छिड़ गई है.
सरकारी सूत्रों ने बताया कि इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक ई-वीजा पोर्टल के जरिए आवेदन करके 'कॉन्फ्रेंस वीजा' पर भारत आए थे. सूत्रों के मुताबिक, कोई भी विदेशी नागरिक चाहे जिस भी वीजा पर भारत आया हो, उसे देश की घरेलू राजनीति में दखल देने की अनुमति नहीं है. ऐसा करना वीजा नियमों का सीधा उल्लंघन माना जाता है.