नई दिल्ली: समय के साथ कार खरीदने वालों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसको देखते हुए बैंक समेत अन्य वित्तीय संस्था उनके लिए कार लोन की कई सारी सुविधाएं दे रहे हैं। इस दौरान लोग सस्ती ईएमआई और विभिन्न बैंकों की ब्याज दरों की तुलना करके लोन लेते हैं।

हालांकि, एक्सपर्ट बताते हैं कि कार लोन लेते समय केवल यह ध्यान देना कि कितनी सस्ती या कम ईएमआई भरनी होगी, इसके साथ भी यह भी जानना जरूरी है कि आप इस दौरान छिपे हुए चार्जेज पर भी ध्यान दें, ताकी आपको बड़ा झटका न लगे। इस बीच हम यहां कुल 4 ऐसे चार्जेज की बात करने जा रहे हैं, जिन्हें कार लोन लेते समय जानना बेहद जरूरी बताया जाता है। इनमें प्रोसेसिंग फीस, आरसी ट्रांसफर चार्ज, लोन कैंसिलेशन चार्ज और प्री-पेमेंट या फोरक्लोजर चार्ज शामिल हैं।
कार लोन प्रोसेसिंग फीस क्या है?

सबसे पहले हम कार लोन के लिए प्रोसेसिंग फीस को जानेंगे। आप जब भी कार लोन लेने जाएं तो प्रोसेसिंग फीस के बारे में जरूर पता कर लें। यह अलग-अलग बैंकों के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है। बैंक आपसे आपके कार लोन की फाइल को प्रोसेस करने, उसे वेरिफाई कराने या अन्य जरूरी कागजी कार्रवाई के लिए यह फीस लेते हैं।

यह लोन की राशि का 0.5 फीसदी या उससे अधिक हो सकती है। इसमें डॉक्यूमेंटेशन चार्ज भी शामिल होता है। कई बैंक त्योहारी सीजन में मोलभाव करने पर प्रोसेसिंग फीस में कमी भी कर देते हैं या फिर उन्हें माफ कर सकते हैं। यह आपकी बातचीत और बैंक पर निर्भर करता है।
कार लोन आरसी ट्रांसफर चार्ज क्या है?

अब बात कार लोन आरसी ट्रांसफर चार्ज की। जब आपका लोन पूरा हो जाता है तो आरसी ट्रांसफर चार्ज लगता है। यह चार्ज आरसी (रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट) से बैंक का नाम हटाने या आरसी ट्रांसफर (गाड़ी का मालिकाना हक ट्रांसफर करने के लिए) कराने के लिए लगता है। चार्ज गाड़ी के प्रकार और राज्य के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है। औसतन यह 300 से 500 रुपये के बीच होता है।

जब आप कोई पुरानी गाड़ी खरीदते हैं तो आपको पुराने मालिक का नाम कानूनी रूप से हटाकर अपना नाम लिस्ट कराना होता है। इसके लिए आरसी ट्रांसफर चार्ज लगता है। यह गाड़ी बेचने वाले और गाड़ी को खरीदने वाले के बीच आपसी बातचीत और समझौते के आधार पर कानूनी रूप से कराया जा सकता है।

लोन कैंसिलेशन चार्ज

मान लीजिए कि आप कार लोन लेने के लिए तैयार हैं और सारी प्रक्रियाओं को पूरी करने के बाद आपका मन बदल गया और आप लोन को कैंसिल कराना चाहते हैं। इसके लिए बैंक आपसे लोन कैंसिलेशन चार्ज ले सकता है। लेकिन, आप इसके बारे में जानकारी लेकर अधिक चार्ज से बच सकते हैं।

आरबीआई के नियम के अनुसार, लोन जारी होने के बाद ग्राहक को कुछ दिनों के लिए कूलिंग ऑफ पीरियड मिलता है। इस दौरान अगर आप अपने कार लोन को कैंसिल कराते हैं तो आप बिना किसी भारी जुर्माना या चार्ज के लोन को रद्द करा सकते हैं। वहीं, यह पीरियड बीतने के बाद आपको अधिक चार्ज देना पड़ सकता है।

प्री-पेमेंट और फोरक्लोजर चार्ज क्या होता है?

प्री-पेमेंट और फोरक्लोजर चार्ज की बात करें तो इसके बारे में आपको जानना बहुत जरूरी है। मान लीजिए कि आपने 10 साल की अवधि के लिए कार लोन लिया है और उस हिसाब से उसकी मंथली ईएमआई भर रहे हैं। लेकिन, अगर आप लोन की अवधि पूरी होने से पहले ही इसे एकमुश्त पैसा देकर चुकाना चाहते हैं तो बैंक इसपर प्री-पेमेंट और फोरक्लोजर चार्ज लगा सकता है।

इसलिए इस प्रकार के किसी भी कदम को उठाने से पहले प्री-पेमेंट और फोरक्लोजर चार्ज के बारे में जान लें। आप संबंधित बैंक से इसके बारे में जानकारी हासिल कर सकते हैं। लोन लेने के समय आप पहले ही प्री-पेमेंट और फोरक्लोजर चार्ज के बारे में पता कर सकते हैं।

कार लोन कहां से ले सकते हैं?
आप कार लोन बैंक, वित्तीय संस्था से ले सकते हैं।

  1. क्या लोन कैंसिल कराने पर चार्ज लग सकता है?
    हां, लोन कैंसिल कराने पर नियम के तहत कुछ चार्ज लग सकता है। यह बैंक के हिसाब से अलग-अलग हो सकता है।

  2. प्रोसेसिंग फीस क्यों लगती है?
    जब आप कार लोन या कोई लोन लेते हैं तो लोन की फाइल प्रोसेस करने और जरूरी कागजी कार्रवाई के लिए बैंक आपसे प्रोसेसिंग फीस लेता है।

  3. प्री-पेमेंट चार्ज क्या होता है?
    जब आप किसी लोन को तय समय से पहले एकमुश्त चुकाते हैं तो बैंक आपसे प्री-पेमेंट चार्ज ले सकता है।

  4. प्री-पेमेंट चार्ज के बारे में कहां से पता करें?
    प्री-पेमेंट चार्ज बैंकों के हिसाब से अलग-अलग होता है। इसलिए आप जिस किसी भी बैंक से लोन लेने जा रहे हैं, उससे प्री-पेमेंट चार्ज के बारे में पहले ही पूछ लें।