गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी की तबीयत बिगड़ गई। शुक्रवार शाम उन्हें उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ने पर परिजन नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें गाजीपुर से एंबुलेंस से लाकर लखनऊ मेदांता में गैस्ट्रो विभाग में भर्ती कराया गया है।

परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह गले में खराश, सर्दी की समस्या थी। इस बीच, घी और गुड़ का घरेलू नुस्खा अपना लिया। इसके बाद उनकी कफ की समस्या बढ़ गई। अचानक उल्टियां होने लगीं। तेज बुखार आ गया। पेट के ऊपरी हिस्से और सीने के नीचे तेज दर्द होने लगा।

अफजाल की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मुख्तार अंसारी के बेटे और विधायक अब्बास अंसारी ने दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा- "बड़े अब्बा की सेहत खराब हो गई है। लखनऊ में इलाज चल रहा है। आप सभी से दुआओं की गुजारिश है।" गाजीपुर से सपा विधायक और सांसद के भतीजे सुहैब अंसारी उन्हें लेकर लखनऊ पहुंचे।

अब्बास ने बताया कि अफजाल लंबे समय से लिवर की बीमारी से जूझ रहे हैं। ज्यादा घी खाने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। मेदांता में कई जांच हुई है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि, उनकी तबीयत में हल्का सुधार है। मेदांता की ओर से उनकी सेहत को लेकर कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है।

3 बार के सांसद और 5 बार विधायक रह चुके

  • गाजीपुर के मुहम्मदाबाद के रहने वाले अफजाल अंसारी 3 बार के सांसद हैं। 5 बार विधायक रह चुके हैं।

  • 1985 में पहली बार भाकपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़े और जीतकर विधायक बने।

  • 1989, 1991 और 1993 में भाकपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते। 1993 में सपा में शामिल हो गए।

  • 1996 में सपा के टिकट पर चुनाव जीता। 2002 में भाजपा प्रत्याशी कृष्णानंद राय से हार गए। 2004 में सपा और 2019 में बसपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीतकर सांसद चुने गए।

  • 2024 में सपा के टिकट पर उतरे और गाजीपुर सीट से सांसद बने।


संविधान दिवस पर यूपी की राजनीति में नए गठबंधन का ऐलान हो सकता है। लखनऊ के रमाबाई मैदान में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद गठबंधन की घोषणा कर सकते हैं। ओवैसी इस गठबंधन से यूपी में 40 से 45 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। अन्य सीटों पर चंद्रशेखर की पार्टी चुनाव लड़ेगी। दोनों दलों की नजर यूपी में दलित-मुस्लिम समीकरण तैयार करना है। यूपी में दलित आबादी लगभग 21% और मुस्लिम आबादी करीब 19% है। दोनों का गठबंधन हुआ तो ये 40% आबादी को कवर करेंगे।