यूपी STF को नागपुर जिला कोर्ट से श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और ड्राइवर दानिश की 72 घंटे की ट्रांजिट रिमांड मिल गई है। STF बुधवार शाम को कार से तीनों आरोपियों को लेकर नागपुर से लखनऊ के लिए रवाना हो गई है। पहले श्रद्धा दुबे को फ्लाइट से लाने की तैयारी थी, लेकिन लखनऊ के लिए सीधे फ्लाइट नहीं थी। इसलिए प्लान में बदलाव किया गया।
लखनऊ से नागपुर की दूरी 850 किमी है, ऐसे में पहुंचने में 15-18 घंटे लगेंगे। श्रद्धा को गुरुवार को लखनऊ कोर्ट में पेश किया जाएगा। इधर, गिरफ्तारी के बाद उसके 2 और ऑडियो सामने आए, जिसमें वह शिवा शर्मा को गालियों के साथ धमकी दे रही है।
मंगलवार को नागपुर के एक अपार्टमेंट से श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश को गिरफ्तार किया गया था। उधर, यूपी एसटीएफ ने श्रद्धा के ड्राइवर आमिर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है आमिर शिवा की मौत के समय श्रद्धा के साथ था।
लखनऊ में 9 अक्टूबर को शिवा शर्मा की श्रद्धा दुबे के फ्लैट से गिरकर संदिग्ध मौत हो गई थी। शिवा की मां ने श्रद्धा दुबे के खिलाफ हत्या की एफआईआर कराई थी। वारदात के बाद से श्रद्धा फरार थी।
हत्यारोपी श्रद्धा का आज जन्मदिन है। शिवा की मां रंजना शर्मा हरिद्वार में आज ही बेटे का अस्थि विसर्जन करने पहुंची हैं। वह श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद ही हरिद्वार के लिए रवाना हो गई थीं।
अखिलेश यादव ने कहा- श्रद्धा रखिए, बस आस्था बनी रहनी चाहिए। लेकिन भाजपाई श्रद्धा और आस्था से भी खिलवाड़ कर लेते हैं। मंदिर वाली श्रद्धा से खिलवाड़ हुआ और अब इस श्रद्धा से खिलवाड़ हो रहा है।
यह सरकार खुद को गिरने से बचा रही है। याद कीजिए, विकास दुबे की गाड़ी नहीं पलटी थी, इन्होंने अपनी सरकार पलटने से बचाई थी। श्रद्धा के प्रति यह जो श्रद्धा दिखाई जा रही है, वह अपनी सरकार बचाने के लिए है।
नागपुर कोर्ट ने श्रद्धा दुबे समेत तीनों आरोपियों की ट्रांजिट रिमांड यूपी पुलिस को दे दी है। पुलिस तीनों आरोपियों को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है।
लखनऊ के करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा और मॉडल श्रद्धा दुबे की बातचीत के 2 और ऑडियो सामने आए हैं। एक ऑडियो में कॉल पर श्रद्धा और शिवा के अलावा कोई तीसरा व्यक्ति भी है। इसमें बीच-बीच में वह भी बोल रहा है। तीनों कॉन्फ्रेंस कॉल पर हैं।
श्रद्धा के ड्राइवर को एसटीएफ ने किया गिरफ्तार
श्रद्धा दुबे के ड्राइवर आमिर को एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है आमिर श्रद्धा के साथ नेपाल भी गया था। उसी ने श्रद्धा के लिए फर्जी ID पर सिम लिया था।
शिवा शर्मा की हत्या में शामिल तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी मां रंजना शर्मा आज हरिद्वार में बेटे का अस्थि विसर्जन करेंगी। मंगलवार देर शाम श्रद्धा की गिरफ्तारी के बाद वह हरिद्वार रवाना हो गई थी। वहीं, आज यानी बुधवार को श्रद्धा दुबे का बर्थडे भी है।
यूपी पुलिस की एक टीम नागपुर के हुडकेश्वर पुलिस स्टेशन पहुंची है, जहां आरोपी श्रद्धा दुबे को रखा गया है।
महाराष्ट्र की हुडकेश्वर पुलिस शिवम शर्मा हत्याकांड की आरोपी श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे और उसके ड्राइवर दानिश को ट्रांजिट रिमांड लेने के लिए कोर्ट में पेश करेगी।
शिवा शर्मा की मौत के बाद से ही आरोपी मॉडल श्रद्धा दुबे बेहद शातिराना अंदाज में पुलिस को चकमा दे रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने लगातार अपने ठिकाने बदले। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद श्रद्धा सबसे पहले नेपाल भाग गई थी। वहां से लौटकर वह रायबरेली आई और कुछ वक्त वहां रुकी। इसके बाद 17 तारीख को वह सीधे आगरा पहुंची और ठीक अगले दिन यानी 18 तारीख को गुपचुप तरीके से वापस लखनऊ आ गई।
लखनऊ आने का मकसद कानूनी बचाव के लिए वकालतनामा साइन करना था। लखनऊ में अपना काम निपटाते ही वह अपने साथियों के साथ सड़क मार्ग से सीधे महाराष्ट्र के नागपुर के लिए निकल गई।
इस पूरे केस में पुलिस और एसटीएफ के लिए सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धा की सटीक लोकेशन ट्रेस करना था। श्रद्धा इतनी शातिर थी कि उसने फरारी के दौरान एक बार भी अपने मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया। इतना ही नहीं, डिजिटल फुटप्रिंट से बचने के लिए उसने कहीं भी ऑनलाइन या यूपीआई पेमेंट नहीं किया, बल्कि हर जगह सिर्फ कैश (नकद) में ही लेनदेन किया।
पुलिस की रडार से बचने के लिए वह राह चलते टैक्सी या कैब रोकती थी। किसी से बात करनी होती, तो वह कैब ड्राइवर के ही मोबाइल फोन और वाई-फाई का इस्तेमाल करती थी। इसके अलावा, वह सिर्फ ऐसी जगहों पर ही रुकती थी, जहां ठहरने के लिए कोई आईडी प्रूफ न देना पड़े। नागपुर पहुंचने के बाद एक परिचित के जरिए ही तीनों के छिपने के लिए एक फ्लैट का इंतजाम कराया गया था।
लखनऊ में शिवा शर्मा हत्याकांड में फरार आरोपी ड्राइवर तनवीर अली उर्फ दानिश की बहन ने कहा कि घटना के दिन से ही उसकी दानिश से कोई बातचीत नहीं हुई है। वह ड्यूटी पर गया था, इसके बाद से परिवार को उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।
उसने कहा कि दानिश के बारे में जो भी जानकारी मिल रही है, वह केवल समाचारों के जरिए मिल रही है। खबरों में बताया जा रहा है कि वह नेपाल में है। इसके अलावा परिवार के पास कोई जानकारी नहीं है।
श्रद्धा दुबे अपनी बहन और ड्राइवर के साथ नागपुर में बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र के चिंचभवन स्थित ‘प्रोज़ोन काम’ (Prozone Calm) अपार्टमेंट में छिपी थी।
यूपी एसटीएफ और नागपुर क्राइम ब्रांच ने घेराबंदी कर तीनों को हिरासत में लिया। नागपुर पुलिस ने तीनों को उत्तर प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
रश्मि दुबे: हत्या की साजिश में शामिल
पुलिस के शुरुआती दावों के मुताबिक, रश्मि दुबे वारदात के वक्त श्रद्धा के साथ मौजूद थी। हत्या के बाद श्रद्धा को लखनऊ से बाहर ले जाने और अलग-अलग शहरों में छिपने में भी उसकी भूमिका की जांच हो रही है।
दानिश उर्फ तनवीर: फरारी में मदद का आरोप
पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर दानिश दोनों बहनों को एक शहर से दूसरे शहर ले गया। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने पुलिस से बचने के लिए भेष बदलने और रास्ते बदलने में उनकी मदद की थी।
नागपुर से गिरफ्तारी, अब लखनऊ में पूछताछ
लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ ने नागपुर पुलिस की मदद से तीनों को गिरफ्तार किया। उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ लाकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस हत्या की वजह और तीनों की भूमिका की जांच करेगी।
लखनऊ के पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा ने बताया- 9 अक्टूबर को हजरतगंज थाने में शिवा शर्मा की हत्या के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले में श्रद्धा दुबे, रश्मि दुबे और दानिश उर्फ तनवीर के खिलाफ साक्ष्य जुटाने के बाद लखनऊ पुलिस ने गैर-जमानती वारंट (NBW) हासिल किए थे। तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
आज लखनऊ पुलिस और यूपी एसटीएफ ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर नागपुर पुलिस के सहयोग से तीनों को गिरफ्तार कर लिया। नागपुर में उन्हें न्यायालय के सामने पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद उन्हें लखनऊ लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह मीडिया पर भड़कती नजर आ रही है। उसने पुलिसवालों से यह भी कहा कि गाड़ी में पीछे नहीं बैठेंगे। सांस लेने में दिक्कत होती है।
पढ़िए, पुलिस और श्रद्धा दुबे के बीच क्या बातचीत हुई—
व्यक्ति (सफेद टी-शर्ट में): मीडिया तो कुछ भी दिखाती है। मीडिया ने तुम्हारी बदनामी कर दी।
श्रद्धा दुबे: मीडिया की वजह से हुआ है।
व्यक्ति: ठीक है, तुमने जो किया, वो ठीक है। आओ, बैठो। इनको पीछे बिठा दो।
श्रद्धा दुबे: मेरी छोटी सिस्टर तो बेचारी...
व्यक्ति: हां, बैठो। तीनों पीछे आओ।
श्रद्धा दुबे: उसे सांस लेने में प्रॉब्लम होगी।
पुलिस अधिकारी: बैठ जाओ, बैठ जाओ। दूसरी तरफ।
श्रद्धा दुबे: यहां बैठ जाओ, बिट्टू। नहीं-नहीं, इधर पीछे...
पुलिस अधिकारी: अरे, हम तुम्हारी व्यवस्था कराएंगे न। उधर बैठो।
व्यक्ति (सफेद टी-शर्ट में): आतंकवादी थोड़ी हैं, हम तो फैमिली वाले हैं।
पुलिस अधिकारी: चलो, सामान आगे रखवा दो। दोनों बैग आगे पकड़ाओ।
व्यक्ति: ये बैग आगे दे दो।
पुलिस अधिकारी: चलो, उस गाड़ी में बैठो…
एसटीएफ चीफ अमिताभ यश से दैनिक भास्कर रिपोर्टर वैभव तिवारी ने श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी की जानकारी ली, तो उन्होंने बताया- श्रद्धा दुबे नागपुर से गिरफ्तार हुई है। उसे ट्रांजिट डिमांड लेकर लखनऊ लाया जाएगा।
सबसे पहले यह पुलिस को भटकाने के लिए नेपाल गई थी। उसके बाद वापस भारत आई। यहां सरेंडर के लिए अप्लाई किया। फिर पुलिस को भटकाने के लिए 1 हजार किलोमीटर दूर नागपुर पहुंच गई।