नई दिल्ली: जब भी कोई व्यक्ति बाइक या कार लेता है तो उसे उसका इंश्योरेंस कराना जरूरी होता है। यह किसी भी वाहन के मालिक के लिए एक तरह का वित्तीय कवच और सुरक्षा है। दुर्भाग्य से वाहन के एक्सीडेंट हो जाने, चोरी या खो जाने समेत अन्य नुकसान को कवर करने के लिए ये इंश्योरेंस वित्तीय रुप से मदद करते हैं।
इस बीच कई लोग ऐसे होते हैं जो केवल थर्ड पार्टी बाइक या कार इंश्योरेंस लेते हैं। इनमें कई ऐसे भी होते हैं जो एक बार इंश्योरेंस कराने के बाद उसे रिन्यू नहीं कराते हैं और केवल थर्ड पार्टी इंश्योरेंस पर ही निर्भर रहते हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार से गाड़ी के नुकसान पर उन्हें एक रुपये भी नहीं मिल पाता है और इतना ही नहीं उन्हें अपनी गाड़ी के नुकसान की भरपाई खुद की जेब से करनी पड़ जाती है।
इस दौरान कॉम्प्रिहेंशिव और जीरो डेप्रिसिएशन कवर की बात काफी अहम हो जाती है। आइए जानते हैं कि ये दोनों क्या हैं और इनसे वाहन मालिकों को क्या फायदा है। शुरुआत हम थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस से करेंगे।
थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस क्या होता है?
थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस की बात करें तो यह कानूनी रूप से जरूरी एक बीमा होता है। यह आपसे अधिक सामने वाले के लिए खास होता है, लेकिन इसकी खासियत यह होती है कि सामने वाले के लिए आपके अपने पैसे खर्च होने से बच जाते हैं।
मतलब कि थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस एक ऐसी बीमा कवर पॉलिसी है, जो आपकी गाड़ी से किसी दूसरे व्यक्ति (तीसरे पक्ष) की गाड़ी के नुकसान, व्यक्ति के घायल होने या फिर मृत्यु की स्थिति में आपको अपनी जेब से पैसे नहीं भरने होते हैं। इसके लिए थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस देने वाली बीमा कंपनी इंश्योरेंस के हिसाब से नियम के तहत उसके नुकसान की भरपाई करती है।
यहां पर खास बात यह है कि अगर एक्सीडेंट के दौरान आपकी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है, तो थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस आपकी मदद नहीं करती है। मतलब कि दुर्घटना में आपके और आपकी गाड़ी को हुए नुकसान के लिए थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस कवर नहीं मिलता है। इसलिए एक्सपर्ट कहते हैं कि केवल सस्ता और चालान से बचने के लिए आप थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस ही ना लें, बल्कि इसके अलावा अन्य बीमा भी लें ले, ताकि एक्सीडेंट में आपके नुकसान को भी भरा जा सके।
कॉम्प्रिहेंशिव इंश्योरेंस क्या है?
अब बात कॉम्प्रिहेंशिव इंश्योरेंस की। यह आपके साथ-साथ थर्ड पार्टी के लिए भी काफी मददगार होता है। इस एक ऐसी बीमा पॉलिसी है, जो आपकी गाड़ी को होने वाले किसी नुकसान और थर्ड पार्टी की देनदारी, इन दोनों को ही कवर करती है। एक्सपर्ट इसे मोटर इंश्योरेंस में से सबसे सुरक्षित बीमा भी मानते हैं।
जीरो डेप्रिसिएशन कवर क्या है?
जीरो डेप्रिसिएशन कवर इंश्योरेंस में एक ऐड-ऑन कवर होता है। मतलब कि सामान्य इंश्योरेंस लेते समय इसे अलग से ऐड करना (लेना) होता है। कई लोग जीरो डेप्रिसिएशन कवर को निल डेप या बम्पर-टू-बम्पर भी कहते हैं।
जब आप अपनी कार या बाइक के लिए जीरो डेप्रिसिएशन कवर ले लिए होते हैं तो एक्सीडेंट होने पर बीमा कंपनी उन पार्ट्स (प्लास्टिक, रबर, फाइबर आदि) की ना घिसावट देखती है और ना ही यह देखती है कि यह कितने पुराने हैं। बल्कि, वह कंपनी आपको इन पार्ट्स के नुकसान के बदले 100 फीसदी क्लेम देती है। इससे आपको यह फायदा होता है कि अपनी जेब से आपको इनके लिए एक रुपये भी खर्च नहीं करने पड़ते हैं।
थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस किसके लिए होता है?
थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस आपकी गाड़ी से सामने वाले के हुए नुकसान हो भरने के लिए होता है।
थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस का नुकसान क्या है?
अगर किसी एक्सीडेंट के दौरान आपकी गाड़ी को क्षति पहुंचती है तो बीमा कंपनी थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस में आपको बीमा कवर नहीं देती है।क्या थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस कॉम्प्रिहेंशिव इंश्योरेंस के मुकाबले सस्ता होता है?
हां, थर्ड-पार्टी इंश्योरेंस कॉम्प्रिहेंशिव इंश्योरेंस के मुकाबले सस्ता होता है।कॉम्प्रिहेंशिव इंश्योरेंस के फायदे क्या हैं?
किसी एक्सीडेंट में आपके साथ सामने वाले को भी नुकसान हुआ है, तो कॉम्प्रिहेंशिव इंश्योरेंस इन दोनों को कवर करता है।जीरो डेप्रिसिएशन कवर की मांग क्यों बढ़ी है?
वाहनों के पार्ट्स के बढ़ते दाम और एक्सीडेंट से हो रहे नुकसान को देखते हुए जीरो डेप्रिसिएशन कवर की मांग बढ़ी है।