कन्नौज में पति ने पत्नी को जिंदा जलाकर मार डाला। आरोप है कि वह पत्नी पर शक करता था। उसे लगता था कि पत्नी का किसी और से अफेयर चल रहा है।
गुरुवार सुबह 7 बजे पति ने पत्नी सोनम (32) को कुर्सी से बांधा। फिर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। सोनम आग की लपटों में घिरी तो पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू (35) दोनों बच्चों को लेकर भाग गया।
इधर, मकान से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के लोग पहुंचे। उन्होंने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
दमकलकर्मी घर के अंदर पहुंचे तो सोनम का कंकाल मिला। सुखबीर सिंह ने 11 साल पहले सोनम से लव-मैरिज की थी। घटना जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र की है।
हरियाणा में नौकरी के दौरान हुआ प्यार, फिर की लव मैरिज
सुखबीर जगतपुर गांव का रहने वाला है। उसका बड़ा बेटा 7 साल का और बेटी 5 साल की है। सुखबीर 14 साल से हिसार में प्राइवेट नौकरी कर रहा था।
वहीं उसकी मुलाकात शिकोहाबाद की रहने वाली सोनम से हुई थी। वह भी प्राइवेट नौकरी करती थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और 11 साल पहले उन्होंने लव मैरिज कर ली। इसके बाद दोनों हिसार में रहने लगे।
4 साल पहले पत्नी का अफेयर हुआ तो गांव छोड़ दिया
4 साल पहले सोनम का एक युवक से अफेयर हो गया। एक दिन सुखबीर ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद वह सोनम को गांव छोड़ गया। आरोप है कि गांव में रहने के दौरान भी सोनम का एक युवक से अफेयर हो गया।
गांव में पत्नी के अफेयर का पता चला तो जिंदा जला दिया
दो दिन पहले ही दिवाली की छुट्टी पर सुखबीर गांव आया था। इस दौरान उसे गांव वालों से पत्नी के अफेयर की जानकारी मिली। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। मामला सिकंदरपुर चौकी तक पहुंच गया।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर सुखबीर गुस्से में था। गुरुवार सुबह वह गुस्से में घर से निकला। आधे घंटे बाद बोतल में पेट्रोल लेकर लौटा और पत्नी को जला दिया।
चाचा बोले- आग इतनी भयानक थी कि कोई अंदर नहीं जा सका
सुखबीर के चाचा जितेंद्र ने बताया कि भतीजे ने वारदात को अंजाम दिया, फिर बच्चों को लेकर चला गया। उसकी पत्नी घर के अंदर चीख रही थी, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई भी अंदर नहीं जा सका।
आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही
घटना की सूचना मिलने पर छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे पुलिस टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया, 'महिला को बांधकर उसके पति ने जला दिया। शुरुआती जांच में चरित्र पर शक करने की बात सामने आई है।
दो दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसकी शिकायत चौकी पुलिस से की गई थी। पति फरार है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।
मां ने कहा- मेरे आने से पहले शव ले गए
सोनम राठौर की मां ने बताया कि उनके पास सुबह सुखबीर का फोन आया था। बोल रहा था कि बेटी को यहां से ले जाओ और हम बच्चों को अपने साथ ले जाएंगे। इसके कुछ देर बाद पुलिस से उनके पति को जानकारी दी गई कि उनकी बेटी को इन लोगों ने जलाकर मार डाला है। मुझे मेरी बेटी की बॉडी चाहिए। जब तक बॉडी नहीं मिलेगी, तब तक हम यहां से हिलेंगे नहीं।
हाथरस में घर में भीषण आग लग गई। हादसे में सो रहे पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। दोनों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। बेड पर दोनों की लाश मिली। हादसा बुधवार रात 2 बजे हुआ।