ग्वालियर के व्यस्ततम दाल बाजार क्षेत्र में बुधवार को पूर्व नगर निगम उपायुक्त डॉ. एमएल दौलतानी के निवास के पार्किंग एरिया में अचानक आग लग गई।

आग की चपेट में आने से वहां खड़ी एक कार और एक स्कूटी जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

जानकारी के अनुसार, दाल बाजार में श्रीराम स्वीट्स के नजदीक स्थित दौलतानी निवास के पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों में अचानक आग लग गई। आग अश्विनी दौलतानी की कार और नीरज दौलतानी की स्कूटी तक पहुंच गई।

देखते ही देखते आग ने दोनों वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय दोनों वाहन पार्किंग में खड़े थे। आग लगने की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।


परिवार और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

दौलतानी परिवार की सदस्य रूही दौलतानी ने बताया कि उन्हें आग लगने के कारणों की जानकारी नहीं है। अचानक आग दिखाई दी तो पूरा परिवार डर गया। इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया।

लोगों ने फायर एक्सटिंग्विशर और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। समय रहते सतर्कता बरतने से आग को और फैलने से रोकने में मदद मिली। हालांकि, तब तक दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके थे।

लोगों ने दमकल के देरी से पहुंचने की बात कही

चैंबर ऑफ कॉमर्स के कोषाध्यक्ष मनोज अग्रवाल उर्फ बाबा के मुताबिक, आग लगने के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और काफी हद तक उस पर काबू पा लिया।

उन्होंने दमकल के मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी होने का कहा है। हालांकि, दमकल विभाग की ओर से पहुंचने के समय की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने की कार्रवाई की और आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।