लखनऊ: 2000 बैच के आईएएस अफसर रणवीर प्रसाद ने यूपी पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष और प्रमुख सचिव ऊर्जा विभाग का कार्यभार संभाल लिया है। कुछ दिन पहले ही वह प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद के पद से कार्यमुक्त होकर ऊर्जा विभाग में पहुंचे हैं। इससे पहले रणवीर प्रसाद दक्षिणांचल डिस्कॉम के साथ ही उत्पादन निगम व पारषेण निगम के एमडी रह चुके हैं।आईएएस रणवीर प्रसाद आजमगढ़, मैनपुरी, ललितपुर, संतकबीरनगर, उन्नाव और भदोही के डीएम रह चुके हैं। मूलरूप से नालंदा, बिहार के रहने वाले प्रसाद ने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है।10 आईएएस अफसरों का हुआ तबादला
आपको बता दें कि 20 सितंबर को शासन ने 10 आईएएस अफसरों का तबादला किया था। लिस्ट में रणवीर प्रसाद का नाम भी शामिल था। उनके अलावा अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रभार से हटाकर अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा के पद पर तैनात किया गया है।
डॉ. आशीष कुमार गोयल श्रम विभाग भेजे गए
इसी तरह वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की प्रमुख सचिव रहीं वी. हेकेली झिमोमी को चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा विभाग का नया प्रमुख सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा के प्रमुख सचिव रहे महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को स्थानांतरित करते हुए प्रमुख सचिव, वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव रहे डॉ. आशीष कुमार गोयल को अब अपर मुख्य सचिव, श्रम एवं सेवायोजन बनाया गया है।
पंचायती राज के प्रमुख सचिव अनिल कुमार भी हटाए गए
पंचायती राज के प्रमुख सचिव रहे IAS अनिल कुमार को खाद्य एवं रसद तथा उपभोक्ता मामले विभाग के प्रमुख सचिव और आयुक्त पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। श्रम व सेवायोजन के प्रमुख सचिव रहे डॉ. एम.के.एस. सुंदरम को कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान तथा कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन का प्रमुख सचिव बनाया गया है। कृषि विभाग का जिम्मा संभाल रहे IAS रविंद्र को प्रमुख सचिव, पंचायती राज नियुक्त किया गया है।