पटना: बिहार के जमुई में एक लड़की के साथ घटी हैवानियत की घटना के बाद प्रदेश में राजनीतिक पारा चढ़ गया है। इस वीभत्स घटना को लेकर विपक्षी दलों, विशेषकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर तीखा हमला बोला है। विपक्षी नेताओं ने मुख्यमंत्री को उनके उस पुराने सार्वजनिक वादे की याद दिलाई है, जिसमें उन्होंने राज्य में रात 12 बजे भी महिलाओं की सुरक्षा की गारंटी दी थी। RJD नेता रोहिणी आचार्य और कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया है कि सरकार जमीनी स्तर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल रही है और वादे के बावजूद मुख्यमंत्री अपने पद पर बने हुए हैं।कांग्रेस के निशाने पर सीएम सम्राट चौधरी
जमुई मामले पर कांग्रेस ने सीएम सम्राट चौधरी के पुराने बयान को शेयर किया, जिसमें वो एक न्यूज चैनल के कार्यक्रम में सवालों का जवाब दे रहे थे। कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, 'जब सम्राट चौधरी डिप्टी CM थे तब कहते थे, 'बिहार में रात के 12 बजे भी अगर किसी ने आपको छू भी दिया तो सम्राट चौधरी सुबह अपना इस्तीफा दे देगा।' लेकिन अब मुख्यमंत्री बनकर धृतराष्ट्र बन गए हैं। जमुई की हैवानियत बिहार में ध्वस्त लॉ एंड ऑर्डर की गवाही है।'रोहिणी से सीएम को इस्तीफे की सलाह
आरजेडी की नेता और लालू यादव की रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, अपने कहे के मुताबिक तो अब तक सम्राट चौधरी को इस्तीफा दे देना चाहिए था? बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद कहा था कि अगर रात के 12 बजे अपने गांव में घूमते समय किसी ने भी महिला या लड़की को छू दिया, तो अगली सुबह अपना इस्तीफा दे देंगे। जमुई की बेहद शर्मनाक घटना के बाद, यदि वे अपने कहे पर कायम रहते, तो अब तक उनका इस्तीफा हो जाना चाहिए था!'
'फिल्मी डायलॉग मारना बेहद आसान होता है'
इसी ट्वीट में रोहिणी ने कहा, 'मंच पर खड़े होकर बड़े-बड़े और फिल्मी डायलॉग मारना बेहद आसान होता है, लेकिन जब जमीन पर सुरक्षा देने की बात आती है, तो सारे दावों की हवा और हेकड़ी निकल जाती है। बहन-बेटियों के साथ जमुई जैसी घटनाएं और भी हो रही हैं सम्राट शासन में और गुंडे बेखौफ घूम रहे हैं बिहार में। सम्राट चौधरी से मेरा सीधा सवाल है, 'जब खुद ही दावा किया था कि किसी ने छुआ भी तो अगली सुबह इस्तीफा दे दूंगा, तो अब अपनी उस बात पर कायम क्यों नहीं हैं?' केवल भाषणबाजी और बातें बनाने से राज्य की बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं होंगी; अगर अपनी कही बात पर कायम रहने का साहस है, तो अब अपने वादे के मुताबिक तुरंत कुर्सी छोड़िए।'जमुई में लड़का-लड़की के साथ क्या हुआ था?
- शाम को स्कूटी से लौट रहे दसवीं के छात्र-छात्रा को मनचलों ने घेर लिया
- मनचलों ने छात्र के साथ मारपीट की और छात्रा से बदसलूकी की
- छात्रा रोती रही, हाथ जोड़कर छोड़ने की लगातार गुहार लगाती रही
- दबंगों ने इस शर्मनाक वारदात का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया
- वीडियो सामने आते ही पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया